
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान **”ऑपरेशन प्रहार”** के अंतर्गत दून पुलिस ने कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने राजपुर रोड पर बुजुर्ग की करोड़ों की जमीन हड़पने वाले हाई-प्रोफाइल भू-माफिया दंपति, नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करने वाले दो सगे भाइयों और सार्वजनिक स्थलों पर उत्पाद मचाकर शांति व्यवस्था भंग करने वाले 6 हुड़दंगियों सहित कुल 10 अभियुक्तों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
1. राजपुर पुलिस का भू-माफियाओं पर बड़ा प्रहार: करोड़ों की जमीन की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनाने वाला गिरोह दबोचा
थाना राजपुर क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ हुई करोड़ों रुपए की भूमि धोखाधड़ी का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला सहित दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। 07 जून 2026 को वादी बलवंत सिंह (निवासी राजपुर रोड) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दीपक अग्रवाल और मान देवी ने उनकी राजपुर रोड स्थित मूल्यवान भूमि की कूटरचित (फर्जी) पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर ली। इसके बाद आरोपियों ने धोखाधड़ी करते हुए उक्त भूमि में से 120-120 गज के दो प्लॉट दिल्ली निवासी सुंदर अग्रवाल व अशोक कुमार गुप्ता को करोड़ों रुपए में बेच दिए। एसएसपी देहरादून द्वारा गठित टीम ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से 30 जून 2026 को राजपुर तिराहे के पास से दोनों आरोपियों (दीपक अग्रवाल, उम्र 52 वर्ष व मान देवी, उम्र 70 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

2. ऋषिकेश कोतवाली: नशे की पूर्ति के लिए स्कूटी चुराने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर वाहन चोरी का खुलासा कर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। 29 जून 2026 को पुनीत बजाज (निवासी आईडीपीएल, ऋषिकेश) की दुकान ‘बजाज ट्रेडर्स’ के बाहर से उनकी एक्टिवा स्कूटी (UK-14-6763) चोरी हो गई थी। पुलिस टीम ने मंडी तिराहा सिटी गेट आईडीपीएल के पास चेकिंग के दौरान स्कूटी को पैदल धकेल कर ले जा रहे दो संदिग्ध सगे भाइयों (रवि और कृष ठाकुर, निवासी विस्थापित आईडीपीएल) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए उन्होंने स्कूटी चुराई थी। तेल खत्म होने के कारण वे इसे खंडहर में छिपाने जा रहे थे।

3. सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वाले 06 हुड़दंगी सलाखों के पीछे
एसएसपी दून की सख्ती के बाद पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर मारपीट करने, अभद्र व्यवहार करने और लोक शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ा शिकंजा कसा है:
मसूरी कोतवाली:बाटा शोरूम के पास सार्वजनिक स्थान पर मारपीट व अफरा-तफरी का माहौल पैदा करने वाले अभियुक्त नीरज राघव (निवासी गुरुग्राम, हरियाणा) को BNSS की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया तथा उसकी कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया।
ऋषिकेश कोतवाली: हाट बाजार आईडीपीएल में दुकान लगाने के विवाद को लेकर सरेराह मारपीट व शांति व्यवस्था भंग कर रहे 5 युवकों (रवि, आशु, अरुण, अंकित और साहिल) को ऋषिकेश पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर मौके से धारा 170(1)/126/135 BNSS के तहत गिरफ्तार किया।


Recent Comments