

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत प्रेमनगर थाना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने देर रात एक निजी मकान में चल रहे हाईप्रोफाइल जुए और ऑनलाइन सट्टे के खेल का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य मामले में बिधौली क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले 4 युवकों को भी सलाखों के पीछे भेजा गया है।
त्यागी मार्केट में हाईप्रोफाइल रेड, मकान मालिक ही निकला सरगना
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि प्रेमनगर के त्यागी मार्केट स्थित एक निजी मकान में अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टे का खेल संचालित हो रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली प्रेमनगर में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जब त्यागी मार्केट स्थित मकान में दबिश दी, तो वहाँ हड़कंप मच गया। मौके से पुलिस ने 5 जुआरियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि यह मकान गिरफ्तार अभियुक्त सुमित माकिन का है, जो मोटी कमाई के चक्कर में अपने घर पर लोगों को ताश से जुआ खिलवाने और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए सट्टा लगवाने का काम कर रहा था।

बरामद मोबाइलों से खुलेगा सट्टे का बड़ा नेटवर्क
पुलिस ने मौके से 55,690 रुपये की नगदी, ताश के 89 पत्ते और ऑनलाइन गेमिंग में इस्तेमाल हो रहे 7 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइलों की शुरुआती जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े एक बहुत बड़े नेटवर्क के सबूत मिले हैं। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सफेदपोशों और सटोरियों के खिलाफ पुलिस जल्द ही एक और बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 3/4/5 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार सटोरिये/जुआरी:
- यातेन्द्र भाटिया (44 वर्ष) निवासी त्यागी मार्केट, प्रेमनगर
- संजय कुमार (36 वर्ष) निवासी त्यागी मार्केट, प्रेमनगर
- राहुल कुमार (31 वर्ष) निवासी देहराखास, पटेलनगर
- राहुल कुमार (34 वर्ष) निवासी संजय कालोनी, पटेलनगर
- सुमित माकिन (40 वर्ष) निवासी त्यागी मार्केट, प्रेमनगर (मकान मालिक)
बिधौली में भिड़े दो गुट, मारपीट कर रहे 4 युवक गिरफ्तार
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ही प्रेमनगर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर भी कड़ा शिकंजा कसा है। चौकी बिधौली पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया है और दोनों गुट बीच सड़क पर एक-दूसरे से मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे और उग्र होकर हुड़दंग मचाने लगे।

माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में दोनों पक्षों के 4 युवकों को धारा 170/126/135 बीएनएसएस (BNSS) के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए चारों युवक बाहरी राज्यों के रहने वाले हैं और यहाँ बिधौली व पौंधा क्षेत्र में रह रहे थे।
गिरफ्तार हुड़दंगी:
- राहुल (21 वर्ष), निवासी पानीपत, हरियाणा
- आर्यन (21 वर्ष), निवासी हापुड़, उत्तर प्रदेश
- विश्वेन्द्र उर्फ विशु त्यागी (21 वर्ष), निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश
- कार्तिक शर्मा (21 वर्ष), निवासी शाहदरा, दिल्ली
पुलिस टीम की मुस्तैदी
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रेमनगर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक (WSI) मुकेश थलेडी, उपनिरीक्षक प्रद्युमन सिंह नेगी, बिधौली चौकी प्रभारी जैनेंद्र सिंह राणा, हेड कांस्टेबल यशवीर, कांस्टेबल पंकज, अरशद, रवि शंकर, रोबिन सिंह, राजीव, जगजोत, संदीप और जसवीर शामिल रहे।

Recent Comments