पिथौरागढ़ की बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराया,सीएम धामी ने किया सम्मानित

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाली उत्तराखंड की तीन महिला मुक्केबाजों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में भेंट की। सीएम ने पिथौरागढ़ की निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। साथ ही प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

जकार्ता में 3 से 15 जुलाई तक हुई अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद ने 60 किग्रा और काजल फर्स्वाण ने 65 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीता। पिथौरागढ़ के बड़ालू गांव की निकिता इससे पहले 2021, 2022 और 2023 में एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वह अभी कोच बृजेंद्र मल और भास्कर भट्ट के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं।

मुनस्यारी के भदेली गांव की काजल फर्स्वाण का सफर भी प्रेरणादायक है। महिला आवासीय छात्रावास पिथौरागढ़ और स्मॉल खेलो इंडिया सेंटर से शुरुआत कर अब वह पटियाला के राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं। काजल पहले अंडर-19 एशियन में रजत, अंडर-23 एशियन में कांस्य और 38वें नेशनल गेम्स-2025 में रजत पदक जीत चुकी हैं।

वहीं गौड़ीहाट, पिथौरागढ़ की आरती धारियाल ने रोमानिया में 12 से 16 जुलाई तक आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 54 किग्रा में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। आरती 2024 और 2025 में एलीट महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कांस्य जीत चुकी हैं और अब पटियाला कैंप में प्रशिक्षणरत हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां खेलों में लगातार नए कीर्तिमान रच रही हैं। निकिता, काजल और आरती की सफलता साबित करती है कि राज्य की बेटियां किसी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। अंतरराष्ट्रीय पदक खिलाड़ियों की मेहनत, कोच के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग का नतीजा है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और संसाधन देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन पर विशेष ध्यान दे रही है। उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि हर प्रतिभावान खिलाड़ी को बड़े मंच पर प्रदर्शन का अवसर मिले।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, सहायक निदेशक खेल संजीव पौरी और जिला खेल अधिकारी शबाली गुरंग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments