कांवड़ यात्रा से पहले SSP की जमीनी चेकिंग, 10 किमी पैदल चलकर सुरक्षा व्यवस्था का आया सच

देहरादून/पौड़ी,  कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी  सर्वेश पंवार ने नीलकंठ महादेव मंदिर से लक्ष्मणझूला तक लगभग 10 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। धूप, बारिश और दुर्गम चढ़ाई जैसी चुनौतियों के बीच उन्होंने स्वयं प्रत्येक महत्वपूर्ण ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर पुलिस व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने  नीलकंठ महादेव मंदिर से पुण्डरासू चौक, पुलिया खेत, धांधलापानी और मौनी बाबा आश्रम होते हुए लक्ष्मणझूला तक पूरे यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने जोनल एवं सेक्टर प्रभारियों से मौके की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थलों तथा सहायता केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
एसएसपी सर्वेश पंवार ने यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से सीधे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और विषम परिस्थितियों में पूरी निष्ठा से निभाई जा रही ड्यूटी की सराहना की। उन्होंने जवानों से ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों, आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं के संबंध में जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिस बल बेहतर संसाधनों के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सके।
निरीक्षण के दौरान संचार व्यवस्था, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तथा यातायात प्रबंधन की भी विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल, संसाधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का महापर्व है। इस महापर्व को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए पौड़ी पुलिस पूरी मुस्तैदी, समर्पण और सेवा भावना के साथ चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं की सुरक्षा में जुटी हुई है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments