सीएम धामी ने मसूरी में 17.80 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- “बिना रुके, बिना थके पूरे कर रहे हर वादा”

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की स्मृति में बने नवनिर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं मसूरी विधानसभा के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम युग की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत संरचना पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। साथ ही उत्तराखंड को खेल, पर्यटन और एडवेंचर एक्टिविटीज के हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वेडिंग डेस्टिनेशन या पर्यटन की बात आते ही “पहाड़ों की रानी मसूरी” का नाम सबसे पहले आता है। मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता और शांत माहौल पर्यटकों को आकर्षित करता है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार मसूरी के समग्र विकास के लिए काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि पुरकुल में सैन्य धाम का निर्माण चल रहा है। मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किमी मुख्य सड़क का उच्चीकरण किया जा रहा है। जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना से कई गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है।

यातायात को बेहतर बनाने के लिए मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक के मार्ग का सीआरएफ योजना के अंतर्गत सुदृढ़ीकरण हो रहा है। ग्राम पंचायत रिखोली के सोलह गांवों में विद्युतीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। बाढ़ सुरक्षा के लिए सहस्त्रधारा में बाल्दी नदी के दोनों किनारों पर 1.5 किमी और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं।

सीएम धामी ने कहा कि सरकार बिना रुके, बिना थके हर वादे को जमीन पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग झूठ और नकारात्मकता फैलाकर भ्रम की स्थिति बना रहे हैं, जबकि उनके पास गिनाने लायक कोई उपलब्धि नहीं है।

उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और जनसांख्यिकी बदलाव रोकने के लिए सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता और दंगों में सार्वजनिक-निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से भरपाई का कानून लागू किया गया है। नकल विरोधी कानून के बाद 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी मिली है।

स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप नीति, ‘एक जनपद दो उत्पाद’, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, ‘होम स्टे योजना’, ‘वेड इन उत्तराखंड’ और ‘सौर स्वरोजगार योजना’ जैसी पहलें शुरू की गई हैं। इससे हजारों-लाखों युवा अपने गांव-शहर में रोजगारदाता बन रहे हैं। इसी वजह से प्रदेश की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी आई है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर रहा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मसूरी में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन जैसी सुविधाओं के कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।

इस मौके पर दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर और लक्ष्मण सिंह रावत सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments