

देहरादून। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध दून पुलिस ने एक बार फिर तत्परता दिखाते हुए राजपुर क्षेत्र से गुमशुदा 13 वर्षीय नाबालिक को मात्र 6 घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बालक को देहरादून रेलवे स्टेशन से पकड़ा और परिजनों को सौंप दिया।
थाना राजपुर में 3 अगस्त 2026 को एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि उनका 13 वर्षीय बेटा घर से बिना बताए चला गया है। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने गुमशुदा के घर और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि बालक देहरादून रेलवे स्टेशन पर है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सकुशल अपने संरक्षण में ले लिया।
पूछताछ में बालक ने बताया कि परिजनों द्वारा बार-बार पढ़ाई का दबाव डालने और डांटने से नाराज होकर वह घर छोड़कर चला गया था। वह किसी ट्रेन में बैठकर दूर जाने की सोच रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे रोक लिया।
बालक को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और उत्तराखंड पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस अभियान में उ0नि0 सूरज कंडारी, चौकी प्रभारी जाखन, कांस्टेबल ललित रावत, कांस्टेबल दिशांत और SOG के हेड कांस्टेबल किरण शामिल रहे।

Recent Comments