

देहरादून। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में सैलून में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर अनावरण कर दिया। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नकदी बरामद की है।
31 अगस्त को वादी सुनील वर्मा पुत्र बाबू लाल वर्मा निवासी नेहरू कॉलोनी ने थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर दी थी कि अज्ञात चोर उनके सैलून से नकदी चोरी कर ले गया है। तहरीर के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा अपराध संख्या 361/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और पूर्व में इस तरह की घटनाओं में शामिल आरोपियों का सत्यापन किया।
इसी क्रम में 01 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर राजीवनगर पुल के पास से आरोपी सौमान पुत्र निजामुद्दीन निवासी सेवला कलां माजरा, पटेलनगर, देहरादून उम्र 19 वर्ष को पकड़ा गया। सख्ती से पूछताछ में उसने सैलून में चोरी करना कबूल किया। उसके कब्जे से 3,850 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की थी। उसे सैलून से 5 हजार रुपये मिले थे, जिसमें से कुछ उसने खर्च कर दिए।
पुलिस टीम में चौकी प्रभारी फव्वारा चौक उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित, कांस्टेबल सत्यवीर सिंह और कांस्टेबल मुकेश जोशी शामिल रहे।

Recent Comments