मुख्यमंत्री धामी ने बदरीनाथ धाम में की पूजा, मास्टर प्लान कार्यों का लिया जायजा

भगवान बदरीविशाल से प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की, निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश

बद्रीनाथ /देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

दर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आस्था पथ सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ ही धाम की धार्मिक और पारंपरिक गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बदरीनाथ धाम को उसके धार्मिक और पौराणिक महत्व के अनुरूप भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।

धामी ने कहा कि मास्टर प्लान के तहत विकसित की जा रही सुविधाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। विकास कार्यों में धाम की पारंपरिक पहचान, प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक स्वरूप के संरक्षण का ध्यान रखना जरूरी है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्री स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान के तत्वावधान में आयोजित बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव में प्रतिभाग किया। महोत्सव में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से अधिक हरिभक्त शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बदरीनाथ धाम आना अपने आप में एक विशिष्ट आध्यात्मिक अनुभूति है। भगवान बदरीविशाल की कृपा से संतों और श्रद्धालुओं के बीच आयोजित कथा महोत्सव में शामिल होना सौभाग्य का विषय है।

उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम भारत की सनातन चेतना और आध्यात्मिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्राचीन विरासत और आस्था के केंद्रों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने बाबा केदार की भूमि से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था, जिसे साकार करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

इस अवसर पर राज्य मंत्री हरक सिंह, माधव प्रसाद सेमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments