ऑपरेशन सिंदूर के छह शहीदों को कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, भाजपा पर सेना और शहीदों के अपमान का लगाया आरोप

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रविवार को ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए छह जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देहरादून स्थित चीड़बाग के शौर्य स्थल (वार मेमोरियल) में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने किया।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान सूर्यकांत धस्माना ने राष्ट्रकवि माखनलाल चतुर्वेदी की प्रसिद्ध कविता ‘पुष्प की अभिलाषा’ का पाठ करते हुए शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश का सैनिक मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देता है और उसकी शहादत का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए।

धस्माना ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सैनिकों की शहादत को लंबे समय तक सार्वजनिक नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि संसद में रक्षा मंत्री द्वारा दिए गए बयान से शहीदों और भारतीय सेना का अपमान हुआ है। उनके अनुसार अब सरकार इस मामले में सफाई देने का प्रयास कर रही है, जबकि सच्चाई देश के सामने आ चुकी है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पुलवामा हमले के शहीदों के नाम पर भाजपा ने राजनीतिक लाभ लिया, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना को हुए नुकसान के मुद्दे पर सरकार ने स्पष्ट जानकारी देने से परहेज किया।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देश हमेशा ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों का ऋणी रहेगा और उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल ने कहा कि शहीदों की शहादत से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने में हुई देरी ने कई सवाल खड़े किए हैं।

प्रदेश कांग्रेस गोरखा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनिल बस्नेत ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी छवि बचाने के लिए सेना की प्रतिष्ठा को भी दांव पर लगाने से नहीं चूक रही है। वहीं प्रदेश श्रम विभाग के अध्यक्ष दिनेश कौशल ने कहा कि संसद में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर दिया गया बयान न केवल शहीदों के सम्मान बल्कि संसद की गरिमा से भी जुड़ा गंभीर विषय है।

कार्यक्रम में अमीचंद सोनकर, संतोष नैनवाल, डॉ. सुनील अग्रवाल, किशोर उनियाल, राजेंद्र धवन, विजय शाही, आदर्श सूद, गगन छाछर, आनंद सिंह पुंडीर, राहुल अग्रवाल, शुभम सैनी, सोनू काजी, सुल्तान, घनश्याम वर्मा, कमल किशोर शर्मा, एडवोकेट नरेंद्र कुमार, सुरेंद्र नौटियाल, नरेंद्र खड़का सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments