रक्षा मंत्रालय का बड़ा फैसला: 17 आयुध निर्माणी स्कूल केंद्रीय विद्यालय संगठन को सौंपे जाएंगे

नई दिल्ली । रक्षा मंत्रालय ने देशभर के 17 आयुध निर्माणी (ऑर्डनेंस फैक्ट्री) स्कूलों को केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के अधीन स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में रक्षा उत्पादन विभाग (डीडीपी), रक्षा मंत्रालय ने 16 जून 2026 को कार्यालय ज्ञापन जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार, सशक्त मंत्रिसमूह (ईजीओएम) ने अपनी 11 जून 2026 की बैठक में यह निर्णय लिया कि वर्तमान में आयुध समन्वय एवं सेवा निदेशालय के अधीन संचालित 17 ऑर्डनेंस फैक्ट्री स्कूलों को उनकी भूमि, आधारभूत संरचना और मानव संसाधन सहित वित्तीय वर्ष 2026-27 से अगले दो वर्षों की अवधि के लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन को हस्तांतरित किया जाएगा।

ज्ञापन में कहा गया है कि केंद्र सरकार द्वारा पूर्व में ऑर्डनेंस फैक्ट्री बोर्ड (ओएफबी) का पुनर्गठन कर उसे सात रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (डीपीएसयू) में परिवर्तित किया जा चुका है। इसी क्रम में ओएफबी के विभिन्न संस्थानों के पुनर्संरचना की प्रक्रिया जारी है और अब स्कूलों को भी अन्य मंत्रालयों एवं विभागों को हस्तांतरित करने की नीति पर अमल शुरू कर दिया गया है।

रक्षा मंत्रालय ने स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग सहित संबंधित मंत्रालयों और विभागों को ईजीओएम के निर्णय के अनुपालन में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस फैसले से संबंधित 17 स्कूलों के प्रशासनिक संचालन, शैक्षणिक व्यवस्था और संसाधनों के प्रबंधन में व्यापक बदलाव की संभावना है।

यहां देखें आदेश

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments