
ओपन जिम और प्रवेश द्वार को दी मंजूरी
पौड़ी/रिखणीखाल। दूरस्थ क्षेत्रों की जमीनी हकीकत परखने जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया मंगलवार को रिखणीखाल ब्लॉक के दुर्गम गांव मेंदणी पहुंचीं। ग्रामीणों ने ढोल-दमाऊं और चौंफला गायन से उनका स्वागत किया। पहली बार गांव पहुंचे किसी डीएम से ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखा।
जन चौपाल में डीएम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, मोबाइल नेटवर्क और पेंशन से जुड़ी शिकायतों पर मौके से ही निर्देश दिए। ग्रामीणों की मांग पर डीएम ने गांव में ओपन जिम और प्रवेश द्वार बनाने की स्वीकृति दी। कृषि विभाग को घेरबाड़ का प्रस्ताव बनाने को कहा।
पेयजल समस्या पर जल निगम को 10 दिन में सुधार का निर्देश दिया। डाबरी में 10 जुलाई तक पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने और रेवा पंपिंग योजना के पानी की गुणवत्ता जांचने को कहा। ढाबखाल स्वास्थ्य उपकेंद्र का निरीक्षण कर नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए।


इससे पहले डीएम ने ताड़केश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण कर मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, शौचालय, बेंच और साइनेज लगाने के निर्देश दिए। देवियोंखाल में मातृशक्ति आजीविका आउटलेट का उद्घाटन किया और महिलाओं के उत्पादों के लिए कोल्ड स्टोरेज की संभावना पर विचार करने को कहा।
सीएचसी रिखणीखाल में इमरजेंसी कक्ष की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए तत्काल मरम्मत और सफाई अभियान चलाने के आदेश दिए। तहसील में आपदा कंट्रोल रूम और रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर डिजिटलीकरण तेज करने को कहा। राजस्व उपनिरीक्षकों की बैठक में एसआईआर, फार्मर रजिस्ट्री और अतिक्रमण की समीक्षा की।
भ्रमण में ब्लॉक प्रमुख रेनू रावत, एसडीएम शालिनी मौर्य, सीएमओ डॉ. शिवमोहन शुक्ला समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।


Recent Comments