
पिथौरागढ़,। पर्यावरण संरक्षण और आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए 130 इन्फैंट्री बटालियन प्रादेशिक सेना इकोलॉजिकल कुमाऊँ ने मंगलवार को भूस्खलन प्रभावित देवल ग्राम में 10,000 पौधों का विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया। अभियान में वन विभाग, पूर्व सैनिकों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भागीदारी की।
देवल ग्राम भौगोलिक रूप से अत्यंत संवेदनशील है। यहां हर साल वर्षाकाल में भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाएं होती हैं। गत वर्ष एक बालक की बोल्डर गिरने से मृत्यु ने क्षेत्र की संवेदनशीलता को उजागर किया था। ढालों को स्थिर करने, मृदा अपरदन रोकने और पर्यावरणीय संतुलन के लिए यह अभियान चलाया गया। बटालियन ने पिछले साल भी यहां 10,000 पौधे लगाए थे, जिसके सकारात्मक परिणाम अब दिखने लगे हैं।
कार्यक्रम में ऊर्जा राज्य मंत्री गणेश भण्डारी, डीएफओ अशुतोष सिंह, विकास खंड अधिकारी, जलागम परियोजना अधिकारी, थाना प्रभारी जाजरदेवल, आपदा प्रबंधन अधिकारी समेत कई अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

130 इन्फैंट्री बटालियन पिछले तीन दशकों से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में वनीकरण में अग्रणी भूमिका निभा रही है। बटालियन अब तक 2.54 करोड़ से अधिक पौधे लगा चुकी है, जिससे 23,500 हेक्टेयर क्षेत्र में हरित आवरण विकसित हुआ है और 75% से अधिक जीवितता दर रही है। इन प्रयासों से मृदा संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन और जैव विविधता संरक्षण में सफलता मिली है।
इस मौके पर पिथौरागढ़ नगर निगम की महापौर कल्पना देवलाल ने बटालियन के पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता में योगदान की सराहना करते हुए ‘प्रशंसा प्रमाण-पत्र’ प्रदान किया।


Recent Comments