

प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव और प्रदेश अध्यक्षा उमा सिसोदिया की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम, मिशन 2027 को लेकर संगठन विस्तार तेज
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने संगठन विस्तार तेज कर दिया है। रविवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर और छात्र इकाई एएसएपी अध्यक्ष अक्षय शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा।
कार्यक्रम प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव और प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ। पार्टी पदाधिकारियों ने नवसदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया। युवाओं ने कहा कि वे प्रदेश में शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और पारदर्शी शासन के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए काम करेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव ने कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं का बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ना इस बात का संकेत है कि युवा राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाना चाहते हैं। आप युवाओं को प्रदेश के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में देखती है।
प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में अपार ऊर्जा है, लेकिन रोजगार और अवसरों की कमी के कारण उन्हें पलायन के लिए मजबूर होना पड़ता है। राजनीति में युवाओं की भागीदारी बढ़ना जरूरी है। पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ युवाओं को नेतृत्व के अवसर दे रही है।
युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर ने कहा कि युवाओं का बड़ी संख्या में जुड़ना उत्साहजनक है। रोजगार, शिक्षा, नशा, पलायन और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर युवाओं की आवाज मजबूती से उठाई जाएगी। छात्र इकाई अध्यक्ष अक्षय शर्मा ने कहा कि छात्र और युवा प्रदेश की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान राजपुर विधानसभा अध्यक्ष विनय राणा के नेतृत्व में विनोद कुमार वैश्य सहित कई लोगों ने भी आप की सदस्यता ली। सदस्यता लेने वालों में आयुष राणा, अक्षय तोमर, जय पंवार, पुष्कर राणा, दीपेंद्र रावत, निशांत शर्मा, शुभम कुमार, राहुल थपलियाल सहित सैकड़ों युवा शामिल रहे।
इस दौरान प्रदेश महासचिव श्याम बाबू पांडेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र कौटिल्य, उपाध्यक्ष सुधा पटवाल, अशोक सेमवाल, नसीर खान, महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Recent Comments