
पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन ‘ब्रेन 3.0’ का भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पंतनगर आकर वे धन्य हुए। यह विश्वविद्यालय भारतीय कृषि का गौरवशाली केंद्र है जिसने देश को वैज्ञानिक, नीति-निर्माता और कृषि उद्यमी दिए। उन्होंने बताया कि भारत 377 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है और चावल उत्पादन में चीन को पीछे छोड़ विश्व में पहले स्थान पर पहुंच गया है। गेहूं का उत्पादन भी अधिशेष है। इस उपलब्धि में पंतनगर का योगदान अतुलनीय है।
श्री चौहान ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, गिरता भूजल, बिगड़ता मिट्टी स्वास्थ्य जैसी चुनौतियों का हल सिर्फ अनुसंधान और नवाचार से निकलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी अंतरराष्ट्रीय कृषि समझौते किसान और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देकर किए गए हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए उन्होंने रोज एक पौधा लगाने का संकल्प दोहराया और सभी से जन्मदिन पर पौधरोपण की अपील की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में पूर्व छात्रों की भूमिका अहम है। वे ज्ञान, अनुभव और विशेषज्ञता को राज्य के विकास से जोड़ें। पंतनगर हरित क्रांति का केंद्र रहा है। ‘ब्रेन 3.0’ ज्ञान, नवाचार और भविष्य को जोड़ने वाला मंच है। उन्होंने पूर्व छात्रों से मेंटरशिप, अनुसंधान, स्टार्टअप और उद्योग-शिक्षा सेतु बनने का आग्रह किया।
CM ने कहा कि पर्वतीय कृषि छोटे खेतों, जंगली जानवरों, पलायन और बाजार की कमी से जूझ रही है। इसका समाधान सिर्फ योजनाओं से नहीं, ज्ञान और सामूहिक सहभागिता से होगा। जैविक खेती, प्रसंस्करण, डिजिटल मार्केटिंग और कृषि उद्यमिता में मार्गदर्शन जरूरी है। राज्य सरकार स्टार्टअप नीति और कौशल विकास से युवाओं को मौके दे रही है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य गठन के बाद कृषि भूमि घटी, लेकिन उत्पादन 3 लाख टन बढ़ा है। उन्होंने पंतनगर को हेरिटेज विश्वविद्यालय घोषित करने का अनुरोध किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और CM ने संग्रहालय, स्वयं सहायता समूह के स्टॉल देखे और छात्रों से संवाद किया। दोनों नेताओं ने धान रोपाई भी की। कृषि मंत्री ने परिसर में पौधरोपण किया।
इस मौके पर सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत, कुलपति डॉ. एस. के. कश्यप सहित कई अधिकारी और पूर्व छात्र मौजूद रहे।

Recent Comments