गढ़वाल विवि में उत्साह से मनाया योग दिवस

“योग को जीवनशैली बनाने का संदेश, आयुष मंत्रालय से मिला सहभागिता प्रमाण-पत्र”

श्रीनगर गढ़वाल।  12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में शनिवार सुबह भव्य योग कार्यक्रम आयोजित हुआ। विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, शोधार्थी, छात्र-छात्राएं और नगरवासी बड़ी संख्या में शामिल होकर योग के प्रति प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने प्रतिभागियों को नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक संतुलन का प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संदेश के सामूहिक श्रवण से हुआ। इसके बाद कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया गया। योगाभ्यास का संचालन डॉ. विनोद नौटियाल और डॉ. रजनी नौटियाल ने किया।

कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी, डीन भर्ती एवं पदोन्नति प्रो. एम.एस. पंवार, मुख्य प्रॉक्टर प्रो. दीपक कुमार, मुख्य छात्रावास अधीक्षक प्रो. एस.एस. बिष्ट, टिहरी परिसर निदेशक प्रो. बौराई, चौरास परिसर निदेशक प्रो. आर.एस. नेगी सहित कई वरिष्ठ शिक्षक-अधिकारी उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त विनोद सुयाल भी अपनी समिति के साथ पहुंचे।

योगाभ्यास के बाद विभागाध्यक्ष डॉ. अनुजा रावत ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओ.पी. गुसाईं ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का आभार जताया।

विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात रही कि आयुष मंत्रालय के ‘संगम’ पोर्टल पर पंजीकरण के बाद संस्थान को मंत्रालय से सहभागिता प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ। इसे विवि की सक्रिय भागीदारी और योग के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण माना जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकों, कर्मचारियों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों का अहम योगदान रहा।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments